पंजाब के कपूरथला में गैंगवार की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब गोपी अपनी कार में बैठा हुआ था। अचानक पहुंचे हमलावरों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, गोपी को सुक्खा काहलवां मर्डर केस का अहम गवाह माना जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अब तक अपने बयान से पीछे हटने से इनकार किया था, जिसके चलते इस हत्या को केस से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ गैंगस्टरों द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे भी सामने आए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।







